विनोद महंत
कुल्लू
कुल्लू में विजिलेंस की टीम ने रविवार को सहकारी संघ के निर्माणधीन भवन में इस्तेमाल हो रहे सरकारी सीमेंट का प्रयोग करने पर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय पर सरवरी स्थित जिला सहकारी संघ के निर्माणधीन भवन में
सरकारी सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा था कि उतने में विजिलेंस ने छापा
मार दिया। जिसमें 50 बैग सरकारी सीमेंट के बैग बरामद किये गये।
विजिलेंस कुल्लू के डीएसपी अजय कुमार ने जानकारी देते हुये बताया कि सूचना मिली कि सरवरी स्थित जिला सहकारी संघ कुल्लू के निर्माणाधीन भवन का रविवार को स्लैब डाला जा रहा है। वहां पर सरकारी सीमेंट का प्रयोग होने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर विजिलेंस की टीम ने जिला सहकारी संघ कार्यालय के परिसर में छापा मारा। तो वहां से सरकारी निर्माण कार्यों में प्रयोग होने वाले सीमेंट के 50 बैग बरामद किये गये।
डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि स्लैब डालने का काम बिहार के ठेकेदार रामचंद को दिया गया था। उसी ने स्लैब डालने के लिये सरकारी सीमेंट का प्रबंध किया था। बताया कि विजिलेंस ने रामचंद के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है कि उसने सरकारी सीमेंट कहां से हासिल किया था।
डीएसपी के मुताबिक फिलहाल सीमेंट को जब्त
कर लिया गया है। बताया कि स्लैब डालने में पुरी तरह से हेराफेरी की जा
रही थी।
उन्होंने बताया कि रेत व बजरी में सीमेंट एक साथ मिलाने के बजाय नीचे केवल रेत व बजरी ही मिलाई जा रही थी और उसमें सीमेंट स्लैब डालने के स्थान पर हाथ से मिलाया जा रहा था। जिसमें सीमेंट केवल नाममात्र ही मिलाया जा रहा था, साथ ही पानी की मात्रा भी काफी कम थी। एक तरह से बेहद ही घटिया स्तर का स्लैब डाला जा रहा था। उन्होंने बताया कि फिलहाल विजिलेंस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है कि उसे सरकारी सीमेंट किसने बेचा है।
माना जा रहा है कि इस मामले में और लोग भी लपेटे में आयेंगे।

