कुल्लू टूडे
मनाली
हिमाचल प्रदेश में हालिया प्राकृतिक आपदा के बीच केंद्र सरकार लगातार प्रदेश की जनता के साथ खड़ी है। आपदा की गंभीरता को देखते हुए केंद्र से लगातार उच्चस्तरीय दौरे किए जा रहे हैं।
2 दिन पहले ही भारत सरकार की केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और शांतनु ठाकुर ने कुल्लू पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और वहां के हालात पर केंद्र को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।
इसके तुरंत बाद भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी हिमाचल का विशेष दौरा कर राहत एवं बहाली कार्यों की गहन समीक्षा की।
भारतीय जनता पार्टी और हिमाचल की जनता ने इस संवेदनशील पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय नेतृत्व और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा की इस घड़ी में हिमाचल की जनता को राहत प्रदान करने के लिए अब तक 1500 करोड़ रुपये की विशेष सहायता राशि और 200 करोड़ रुपये अग्रिम एसडीआरएफ के रूप में जारी किए हैं।
इतना ही नहीं, मोदी ने हिमाचल की गंभीर स्थिति को देखते हुए सात केंद्रीय मंत्रियों को प्रदेश भेजकर जनता का दुख-दर्द साझा करने की जो पहल की है, वह इस बात का प्रमाण है कि हिमाचल वास्तव में प्रधानमंत्री जी का “दूसरा घर” है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का यह दौरा इस बात का प्रतीक है कि केंद्र सरकार हिमाचल की हर समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से ले रही है।
कुल्लू में टम्टा ने जिला प्रशासन, एनएचएआई, बीआरओ, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों की बैठक कर अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे और आपदा प्रभावित जनता से लगातार मिलकर उनका दुख-दर्द साझा करते रहे।
दौरे के दौरान पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने जिला कुल्लू में हुए भारी नुकसान का विस्तृत ब्यौरा केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा।
टम्टा ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार सभी बहाली कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग देगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों की तत्काल मरम्मत हेतु 264 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।
मनाली क्षेत्र की संपर्क सड़कों को चालू रखने के लिए 4 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं, और स्थायी समाधान के लिए सुरंग, पुल, ढलान स्थिरीकरण तथा नदी सुरक्षा कार्यों की डीपीआर लगभग अंतिम चरण में है, सड़क बहाली का अग्रिम कार्य शुरू कर दिया गया है
इसके साथ ही यह भी तय किया गया है कि बाढ़ द्वारा क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग को दुरुस्त करने के लिए बाढ़ रोधी आईसीसी दीवारों का निर्माण किया जाएगा, ताकि भविष्य में होने वाले नुकसान को रोका जा सके और मार्ग की स्थायी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
केंद्रीय एजेंसियां युद्ध स्तर पर सड़कों की मरम्मत और रखरखाव में जुटी हुई हैं।
प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने “हिमाचल की जनता की ओर से हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय नेतृत्व, माननीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद करते हैं।
मोदी सरकार की संवेदनशीलता और प्रदेश नेतृत्व की प्रतिबद्धता यह साबित करती है कि इस कठिन घड़ी में हिमाचल अकेला नहीं है, बल्कि पूरा देश उसके साथ मजबूती से खड़ा है।
