Spread the love

कुल्लू टुडे
मनाली

सरकार द्वारा हंस फाउंडेशन को सरकारी जमीन वितरित करने के बाद यह मुद्दा गंभीर बन गया है। मनाली क्षेत्र में वैसे भी स्वास्थ्य सुविधाओं से दो चार होना पड़ता है। मनाली विधानसभा कांग्रेस द्वारा मनाली विधानसभा क्षेत्र में बंद साहसिक गतिविधियों को पुनः शुरू करने के बारे में और वन विभाग की भूमि को सोची समझी योजना के तहत हंस फाउंडेशन को देने व निरंतर बढ़ती महंगाई के खिलाफ मनाली में धरना प्रदर्शन आयोजित किया। जिसमें सैकड़ों कांग्रेसी और आम लोग उमड़ पड़े।

इस मौके पर मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष हरी चंद शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार मनाली क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं है। महीनों से क्षेत्र में साहसिक गतिविधियां पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, जिपलाइन इत्यादि बंद है। जिस वजह से क्षेत्र के युवा बेरोजगार हो गए हैं।

लोगों को अपने दो समय का भोजन का इंतजाम करना भी बहुत मुश्किल हो गया है। ऐसे में कई लोगों ने अपना व्यापार बढ़ाने के लिए बैंकों से लिए लोन भी लिया हुआ है। अब अगर महीनों तक इस तरह से काम ठप रहेगा तो वह कैसे लोन की किस्त भर पाएंगे।

सरकार इतनी असंवेदनशील है कि सरकार की तरफ से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार समय रहते जागे अन्यथा आगे यह प्रदर्शन उग्र रूप धारण कर लेगा। इसके लिए सरकार और प्रशासन जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने कहा कि समय रहते क्षेत्र के युवाओं के हित में इन गतिविधियों को शुरू करे। अगर कोर्ट में यह मुद्दा है तो कोर्ट में भी इसे सही तरीके से रखा जाए। अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार हो जाएं। मनाली में पर्यटन गतिविधियां बंद होने की वजह से पर्यटकों को सिर्फ मायूसी हाथ लग रही है।

उन्होंने कहा जिस तरह से हंस फाउंडेशन को सरकारी जमीन वितरित की गई, यह भी एक गंभीर मुद्दा है। मनाली क्षेत्र में वैसे भी स्वास्थ्य सुविधाओं से दो चार होना पड़ता है। परंतु अपने निजी फायदे के लिए सरकारी जमीन को फाउंडेशन के नाम किया गया है। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा कांग्रेस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के खिलाफ नहीं है। परंतु निजी फायदे के लिए अगर कोई काम होगा, तो उसका विरोध हर तरह से किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हंस फाउंडेशन के साथ की गई औपचारिकताओं को रद्द किया जाए या फिर एमओयू करार करवा कर श्वेत पत्र जनता में सार्वजनिक किया जाए। कहा कि यह निर्धारित किया जाए कि इस अस्पताल में तमाम लोगों को सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त में मुहैया करवाई जाएं।

उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के अब थोड़े ही दिन रह गए हैं। ऐसे में जाते जाते महंगाई पर काबू करने का प्रयास करे। डिपो में जो राशन मिलता है उसके भी दाम बढ़ा दिए गए हैं। प्रदेश में कोई भी ऐसी चीज नहीं है जिसके दाम नहीं बढ़े हैं। महंगाई रोकने में प्रदेश और देश की सरकार दोनों ही फेल हुए हैं। जिसका नतीजा आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है।

शर्मा ने कहा कि खाद, पेट्रोल, सरिया, स्टील, सीमेंट, दालें, चावल हर चीज का दाम बढ़ा है। लेकिन सरकार किसी भी तरह से लोगों को राहत नहीं दे पा रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया की महंगाई को रोकने के लिए नीति बनाई जाए। जिससे आम लोगों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर भुवनेश्वर गौड़ महासचिव प्रदेश कांग्रेस, देवेंद्र नेगी सचिव प्रदेश कांग्रेस, नवीन तंवर सदस्य प्रदेश कांग्रेस खास तौर पर मौजूद रहे। इनके अलावा कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठन के अध्यक्ष और पदाधिकारी, बुथ कमेटी पदाधिकारी, सर्कल कमेटी के सभी पदाधिकारी और कर्मठ कार्यकर्ता और आम जनमानस इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।

Leave a Reply

error: Content is protected !!