Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने बुधवार को बहुद्देशीय भवन में अंतर विभागीय समन्वय के समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में जिले में हाल ही में हुई भारी वर्षा और बादल फटने से सड़कों, पुलों, पेयजल योजनाओं, बिजली एवं मोबाइल नेटवर्क पर पड़े प्रभाव की विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने जिला में अवरुद्ध संपर्क सड़कों, क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं और बाधित बिजली आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

उन्होंने एनएच-305 की स्थिति और उस पर यातायात बहाली की जानकारी अधिकारियों से ली।

उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि समय समय पर मुख्य मार्गों के खुलने पर पुलिस के सहयोग से सेब और अन्य आवश्यक सामग्री से भरे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला जाए ताकि किसानों को नुकसान न हो और आम लोगों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।

बैठक में उपायुक्त ने जिला में चल रहे सभी विकास कार्यों की विभागों के अनुसार प्रगति की समीक्षा की और इन्हें समयबद्ध पूर्ण करने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्षा और आपदा जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद विकास कार्यों में गति बनाए रखना आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक उपमंडल में जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएं।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि राज्य का सर्वोच्च प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान, डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान, ने व्यावहारिक ज्ञान को सक्रिय करने, ज़मीनी नवाचारों को पहचानने और समाज के हर वर्ग को हिमाचल के भविष्य को आकार देने के उद्देश्य से “समृद्ध हिमाचल-2045” में व्यक्तियों और संस्थाओं से अपने अनुभव, उम्मीदों और ज़मीनी कामयाब उदाहरणों के आधार पर हिमाचल के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे साझा करने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश कि सभी इसमें अपने अनुभव साँझा करें।

उन्होंने कुल्लू के आम नागरिकों, स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों से भी आग्रह किया कि वे अपने अनुभव, उम्मीदों और ज़मीनी कामयाब उदाहरणों के आधार पर हिमाचल के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे साझा करें।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम मनाली रमन शर्मा, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश भंडारी, जिला राजस्व अधिकारी गणेश, एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, एसडीएम बंजार पंकज शर्मा, एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट और एसडीएम कुल्लू निशांत ठाकुर वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इसके अलावा जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!