Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

बरमाणा में हर वर्ष आयोजित होने वाला गुग्गा मेला उत्सव इस बार विशेष रूप से उत्सवपूर्ण होगा, क्योंकि यह आयोजन अपनी 25वीं वर्षगांठ रजत जयंती का भव्य समारोह मना रहा है।

आयोजन समिति के संयोजक संजीव भारद्वाज ने बताया कि यह तीन दिवसीय मेला 22 से 24 अगस्त तक एसीसी स्पोर्ट्स ग्राउंड बरमाणा में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।

25वीं रजत जयंती के अवसर पर इस तीन दिवसीय आयोजन में जहां लोकप्रिय और लोक संस्कृति से जुड़े कलाकार  मंच साझा करेंगे, वहीं समापन संध्या में एक ऐसा पल आएगा, जो लंबे समय तक याद किया जाएगा।

पहली संध्या  22 अगस्त को चंबा के प्रसिद्ध लोकगायक काकू राम ठाकुर अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर करेंगे।

वहीं, 23 अगस्त को आयोजित दूसरी संध्या में हिमाचल शान अवार्ड से सम्मानित पहाड़ी लोक संगीत के दिग्गज करनैल राणा  अपनी पहाड़ी लोकगायन शैली से समां बांधेंगे।

इस रजत जयंती समारोह की अंतिम सांस्कृतिक संध्या 24 अगस्त को एक ऐतिहासिक पल के रूप में याद किया जाएगा, जब हिमाचल प्रदेश पुलिस का प्रसिद्ध ‘हारमनी ऑफ द पाइंस’ ऑर्केस्ट्रा पहली बार बरमाणा में प्रस्तुति देगा।

हाल ही में लंदन में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटे इस 17 सदस्यीय बैंड की प्रस्तुति समारोह की शोभा को कई गुना बढ़ाएगी।

समिति के प्रधान प्रेम चंद ने प्रदेशवासियों सहित बिलासपुर जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर उत्सव की शोभा बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि स्मृतियों के इस सुनहरे सफ़र में दर्शकों का अमूल्य सहयोग हमें निरंतर प्रेरित करता रहा है।
इस भव्य अवसर पर समिति सभी के साथ मिलकर गौरव और उत्सव के इन पलों को और भी यादगार बनाएगी।

समिति ने इस बार पारंपरिक दो दिवसीय कार्यक्रम को बढ़ाकर तीन दिवसीय किया है ताकि दर्शकों को और अधिक मनोरंजन व सांस्कृतिक विविधता का आनंद मिल सके।

Leave a Reply

error: Content is protected !!