कुल्लू टूडे
कुल्लू
जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सेउबाग निवासी के साथ गाड़ी बेचने के बहाने एक शातिर द्वारा 4 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता दुनी चंद ने बताया कि 25 जून को उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक फाइनांस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए 2023 मॉडल बोलेरो कैंपर गाड़ी बेचने का प्रस्ताव दिया।
उसने गाड़ी की तस्वीरें व्हाट्सएप पर भेजीं और बताया कि इसकी कीमत 7 लाख रुपए है। बातचीत के बाद सौदा 4 लाख रुपए में तय हो गया।
दुनीचंद के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह नेरचौक जिला मंडी में रहता है और गाड़ी के लिए पैसों का भुगतान एक बैंक खाते में करने को कहा।
दुनी चंद ने आरोपी के बताए अनुसार रणधीर कुमार के नाम वाले बैंक खाते में 4 लाख रुपए जमा कर दिए। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि 26 जून को गाड़ी कुल्लू भेज दी जाएगी।
लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी गाड़ी नहीं पहुंची।
जब बार-बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद आरोपी से कोई जवाब नहीं मिला तो दुनी चंद को समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हुई है।
उसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई और कॉल करने वाले का मोबाइल नंबर तथा बैंक खाता नंबर दोनों पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी हैं।
