कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
लेह लद्दाख के एनडीएस ग्राउंड में संपन्न हुए 9वें पेंचक सिलाट फैडरेशन कप प्रतियोगिता में बिलासपुर बृज अकैडमी की खिलाड़ी साक्षी ठाकुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 57 किलोग्राम भार वर्ग मुकाबले में रजत पदक हासिल कर बिलासपुर और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
यह जानकारी देते हुए बृृज मार्शल अकैडमी बिलासपुर के संचालक एवं प्रशिक्षक बृज लाल चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सभी राज्यों तथा आईटीबीपी, सीआईएसएफ, आसाम राइफल्स, अण्डमान निकोबार, चंडीगढ, लद्दाख सहित लगभग 420 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस फेडरेशन कप प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर पेंचक सिलाट संघ की 2 महिला खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। ये दोनों लड़कियां बृज मार्शल आर्ट अकादमी बिलासपुर में अभ्यास करती हैं।
पेंचक सिलात एसोसिएशन बिलासपुर के महासचिव बृज लाल चैहान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर पेंचक सिलाट संघ की खिलाडी साक्षी ठाकुर ने जूनियर वर्ग टेंडिंग इवेंट मे 57 किलो ग्राम भार में राजस्थान, लद्दाख, दिल्ली के खिलाड़ियों को हरा कर फाइनल में पहुंची और फाइनल में लद्दाख के खिलाड़ी से कड़े मुकाबले में हार गई और सिल्वर मैडल पर साक्षी ठाकुर को संतोष करना पड़ा।
टीम कोच बृज लाल चैहान ने बताया कि साक्षी ठाकुर ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया तथा साक्षी ठाकुर का एशियन प्रतियोगिता के लिए भी सलेक्शन हो गया है जो कि माह सितम्बर में होनी है।
जिला बिलासपुर पेंचक सिलाट एसोसिएशन के चेयरमैन चंद्रशेखर भारद्वाज, अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष सुमन चड्डा, उपाध्यक्ष चमन लाल, संयुक्त सचिव कुलदीप, कोषाध्यक्ष कोमल तथा एसोसिएशन के सदस्यों शीतल पाठक तथा सपना सेन व सुनील भारद्वाज ने साक्षी ठाकुर को प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करके रजत पदक के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
