कुल्लू टूडे
हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में पुलिस ने नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर में छापेमारी की तो नशे के कारोबार में संलिप्त पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने बीती देर रात शहर के वार्ड नंबर 2 में एक घर में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके घर की तलाशी के दौरान 74 ग्राम चिट्टा, 607 ग्राम चरस, 5 ग्राम अफीम और 2,19,260 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि आशीष पहले मोबाइल फोन की दुकान चलाता था, जिसे अब किराए पर दे चुका है।
आरोपी नशे की लत के चलते पहले नशा मुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। उसकी मां अपनी बेटी के साथ अलग घर में रहती है।
जबकि आरोपी अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ उसी घर में रहता था, जहां से यह बरामदगी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोपियों की पहचान आशीष देव शर्मा उम्र 33 वर्ष पुत्र स्वर्गीय रोशन लाल और आरोपी की पत्नी कल्पना शर्मा उम्र 27 वर्ष निवासी हाउस नंबर 98, वार्ड नंबर 2, तहसील एवं जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
