Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

जिला मुख्यालय के होटल प्रेम सागर में सोमवार को पारंपरिक उद्योगों के उत्थान और विकास को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

यह कार्यशाला भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा प्रायोजित स्फूर्ति योजना के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को संगठित कर उन्हें स्थायी रोजगार, प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण तथा विपणन सहयोग उपलब्ध कराना है।

कार्यशाला में 40 कारीगरों ने भाग लिया, जिनमें स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न हस्तशिल्प एवं लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमी शामिल रहे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक अस्मा रिज़वी ने स्फूर्ति योजना की विशेषताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी और बताया कि यह योजना पारंपरिक उद्योगों से जुड़े कारीगरों को संगठित कर उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, आधुनिक डिज़ाइन और विपणन के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

परियोजना समन्वयक विवेक तिवारी और नाबकॉन्स के प्रतिनिधि ओंकार ने योजना से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर जानकारी साझा की।

कार्यशाला में स्फूर्ति योजना के प्रमुख उद्देश्यों जैसे कि पारंपरिक कौशलों को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए उन्हें समूहों में व्यवस्थित करना, कारीगरों को निरंतर रोजगार उपलब्ध कराना, डिज़ाइन हस्तक्षेप और पैकेजिंग के माध्यम से उत्पादों की विपणन क्षमता को बढ़ाना, प्रशिक्षण एवं एक्सपोज़र दौरों द्वारा कौशल और क्षमताओं में सुधार लाना, सामान्य सुविधाओं, उन्नत उपकरणों और तकनीकों का प्रावधान करना, बहु-उत्पाद क्लस्टरों का विकास, क्लस्टर शासन में हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करना, आपूर्ति आधारित मॉडल से बाजार आधारित मॉडल की ओर संक्रमण तथा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को प्रमुख विपणन चैनल के रूप में उपयोग करने पर चर्चा की गई।

कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योजना से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त की और अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जिला में पारंपरिक कारीगरों की आजीविका को सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए स्फूर्ति योजना के माध्यम से ठोस प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर उद्योग विभाग के महाप्रबंधक जिया राम अभिलाषी, इंडस्ट्रियल प्रमोशन ऑफिसर कमलेश वर्मा तथा अधिकारी पूनम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!