Spread the love

कुल्लू टूडे

सोलन

पर्यटन क्षेत्र का विस्तार ही सुदृढ़ आर्थिकी का आधार और प्रदेश सरकार पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से लोगों को आर्थिक रूप से मज़बूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

यह बात संजय हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन की अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने बीते दिन अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरयांज के दूधल पुख़र मंदिर में मूर्ति स्थापना समारोह के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कही।

विधायक ने दूधल पुख़र मंदिर में पूजा अर्चना की और सभी के खुशहाल व समृद्ध जीवन की कामना की।

संजय अवस्थी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से रोज़गार एवं स्वरोज़गार प्रदान करने की अपार सम्भावनाएं हैं। अर्की का बाड़ीधार क्षेत्र इस दिशा में विशेष महत्व रखता है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बाड़ीधार सहित समूचे क्षेत्र को ईको टूरिज़म की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे।

इसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं के लिए रोज़गार एवं आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलना है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इसके लिए वन विभाग से प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्रेषित किया गया है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र बहुत सुंदर है और इसे और अधिक विकसित करने की आवश्यकता है।

संजय अवस्थी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन जनसहभागिता से ही पूर्ण होते हैं। ऐसे आयोजनों में युवाओं को जोड़ना आवश्यक है ताकि इस विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी सम्भाल कर रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि अर्की के संतुलित विकास के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

उन्होंने लोगों की मांग पर मंदिर परिसर के समीप सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की।

Leave a Reply

error: Content is protected !!