Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

भाजपा सदर मंडल के उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने प्रैस को जारी बयान में आरोप लगाया है कि पिछले दो महीने से द्रोबड़ पंचायत के ग्रामीण पानी की बून्द को तरस रहे हैं।

लेकिन शिकायत करने के बावजूद जल शक्ति विभाग के अधिकारी कोई कार्यवाही करने में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। जिससे ग्रामीणों में विभागीय अधिकारियों के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।

भाजपा युवा नेता सुभाष ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण पिछले दो महीने से विभागीय अधिकारियों से समस्या का समाधान कर पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इतना लंबा अर्सा बीत जाने के बावजूद विभाग ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया है।

उन्होंने बताया कि द्रोबड़ पंचायत के बड़वार, गुनुघनोड़ा, नाली चंगर व परनाली के सैंकड़ों लोगों को पेयजल समस्या के कारण भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि वैकल्पिक तौर पर इन गांवों में कोई प्राकृतिक जल स्रोत भी नहीं है, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि लोगों को 2 किलोमीटर की दूरी तय कर पानी ढोना पड़ रहा है। जिस कारण उनका अधिकांश समय पेजयल व्यवस्था करने में ही व्यतीत हो रहा है। इससे समय और धन दोनो की बर्बादी हो रही है।

इन हालातों में गेहूं की फसल की कटाई का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। द्रोबड़ पंचायत के लिए सोलग.जुरासी पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारू न की गई तो ग्रामीण खाली घड़ों के साथ विभागीय अधिकारियों का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेवारी संबंधित विभाग व जिला प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!