कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जिला बिलासपुर के लिए आठ प्रमुख विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण में कोल डैम में जल क्रीड़ा गतिविधियों का शुभारम्भ किया।
बिलासपुर जिला उपायुक्त कार्यालय में साढ़े 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित 110 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा चालित रूफटॉप प्लांट का लोकार्पण शामिल है।
बताते चलें कि इस रूफटॉप प्लांट की स्थापना से यह उपायुक्त कार्यालय हिमाचल का पहला हरित उपायुक्त कार्यालय बना है।
इस संयंत्र से प्रतिदिन औसतन 440 यूनिट और मासिक लगभग 13,200 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा।
इससे न केवल कार्यालय की बिजली आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकेगा, बल्कि वर्ष भर में करीब 10 लाख रुपये की बिजली बिल में बचत भी होगी।
जिससे हर साल हजारों किलो कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आएगी। इससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा बल्कि प्रशासनिक खर्चों में भी कटौती संभव होगी।
यह साढ़े 70 लाख रुपए की परियोजना एनटीपीसी की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत क्रियान्वित की गई है, जिसके लिए कुल लागत में से लगभग साढ़े सत्तर लाख रुपये की राशि एनटीपीसी द्वारा वहन की गई।
इस योजना के सफल कार्यान्वयन में कोल डैम परियोजना का भी सराहनीय योगदान रहा है, जिसने तकनीकी और प्रबंधकीय सहयोग उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कोल डैम परियोजना के प्रमुख सुभाष ठाकुर और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह सौर ऊर्जा संयंत्र जिला प्रशासन की ग्रीन एनर्जी पहल को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि एनटीपीसी देशभर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में सतत कार्य कर रही है।
यह संयंत्र न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगा, बल्कि सरकारी संस्थानों को स्वनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि निकट भविष्य में जिला के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी इसी तरह के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की योजना पर विचार किया जा रहा है ताकि जिला को ‘ग्रीन जिला’ के रूप में स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक स्थायी और प्रेरणादायक पहल है, जिससे अन्य संस्थानों को भी सीख लेने की आवश्यकता है।
इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी , पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बम्बर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल, एनटीपीसी परियोजना के एचओपी सुभाष ठाकुर, एसपी संदीप धवन, एसडीएम अभिषेक गर्ग (आईएएस), डीएसपी मदन धीमान, प्रदेश कांग्रेस हमीरपुर संसदीय क्षेत्र मीडिया काॅर्डिनेटर संदीप सांख्यान, पूर्व जिला कांग्रेस प्रधान अंजना धीमान, सेवानिवृत एचएएस व पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष देवराज भाटिया, एनटीपीसी की वरिष्ठ प्रबंधक सीएसआर डॉ. अंजुला अग्रवाल, जिप सदस्य व ग्रामीण विकास मंत्रालय सदस्य प्रदेश सरकार गौरव शर्मा, कांग्रेस पार्टी के नेतागण तथा प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
