कुल्लू टूडे
बंजार
जिला कुल्लू की बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी सोमवार तीर्थन घाटी के तहत आने वाली ग्राम पंचायत शिल्ही के एक दिवसीय दौरे पर रहे।
इस दौरान शरूँगर गाँव पहुंचे विधायक शौरी का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया व जनसभा का आयोजन किया गया।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम में विधायक को अपनी समस्याओं व मांगों से अवगत कराया व समाधान की गुहार लगाई।
इस अवसर पर विधायक शौरी ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही गत दो वर्षों से बठाहड़ क्षेत्र अनदेखी का दंश झेल रहा है।
बठाहड़ में खोले गए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व बिजली विभाग के अनुभाग को बंद कर दिया गया है। पूरी घाटी में बेहतर बिजली व्यवस्था के लिए स्वीकृत किए गए 33kv सवस्टेशन का कार्य भी ठंडे बस्ते में पड़ गया है।
चिपनी क्षेत्र के दूरस्थ गांव ठाहरी में पूर्व सरकार के समय में पहली बार बिजली पहुंचाई गई थी और आज 6 माह से पूरा गांव अंधेरे में है। दुर्गम शरूंगर गांव की प्राथमिक पाठशाला को बंद करने का घृणित कार्य इस सरकार ने किया है।
विधायक ने कहा है कि गांव के समीप दो वर्ष पूर्व की बरसात में ढह गई सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है, क्षेत्र का वागवान बेबसी का रोना रो रहा है। विभाग जनता की बाजिव मांग पर आंखे मूँदे बैठा है।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि सड़क की आवश्यक मुरम्मत के लिए सरकार से आग्रह किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य सबंधित मांगों का मौके पर निवारण किया गया।
