Spread the love

कुल्लू टूडे

हमीरपुर

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय का विशेष अभियान ‘मेरी पॉलिसी, मेरे हाथ’ शनिवार को हमीरपुर जिले में भी आरंभ हो गया।

एडीएम जितेंद्र सांजटा ने बचत भवन में कृषि विभाग की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस अभियान का शुभारंभ किया तथा किसानों को रबी सीजन 2021-22 के लिए बीमा पॉलिसी वितरित कीं।

इस अवसर पर एडीएम ने कहा कि बाढ़, सूखा, ओलावृष्टि और जलभराव आदि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुक्सान की भरपाई तथा किसानों को राहत प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आरंभ की गई है। बटाईदारों और काश्तकारों सहित सभी किसानों को इस बीमा योजना का लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिला की विभिन्न तहसीलों में रबी सीजन में गेहूं और खरीफ सीजन में मक्की तथा धान की फसल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में लाया गया है। इस योजना की विस्तृत जानकारी कृषि विभाग की वैबसाइट एचपीएग्रीकल्चर डॉट कॉम पर उपलब्ध करवाई गई है।

जिला हमीरपुर में रबी सीजन 2021-22 के बीमे के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी आफ इंडिया लिमिटेड अधिसूचित की गई है और गेहूं की फसल का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2021 निर्धारित की गई थी।

प्रीमियम दर बीमित राशि का 15.15 प्रतिशत है। इसमें से किसानों द्वारा देय प्रीमियम केवल 1.5 प्रतिशत है। शेष प्रीमियम का भुगतान सरकार द्रारा किसान सब्सिडी के रूप में किया जाता है। इस सीजन में किसानों से 450 रुपये प्रति हैक्टेयर यानि 18 रुपये प्रति कनाल प्रीमियम लिया गया है। प्राकृतिक आपदाओं से नुक्सान पर किसानों को 30 हजार रुपये प्रति हैक्टेयर बीमित राशि मिलेगी।

उन्होंने बताया कि ऋणी किसानों को संबंधित वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्वत: ही बीमित कर दिया जाता है। अगर कोई ऋणी किसान इस योजना का लाभ नहीं उठाना चाहता है तो उसे अपना घोषणा पत्र संबंधित बैंक में जमा करवाना पड़ता है।

अऋणी पात्र किसान अपना फोटो पहचान पत्र आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात सहित बीमा कम्पनी या नजदीकी लोक मित्र केंद्रों, बैंकों या ऑनलाइन माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अतुल डोगरा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा किसानों का स्वागत किया तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बीमित किसानों को ‘मेरी पॉलिसी, मेरे हाथ’ अभियान के तहत उनके घरद्वार पर ही बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

जिला हमीरपुर में रबी सीजन 2020-21 के दौरान 19861 किसानों ने गेहूं की फसल का बीमा करवाया था। इनमें से 15480 किसानों को लगभग 5 करोड़ 27 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। इस सीजन में भी जिला के 21969 किसानों ने अपनी फसल का बीमा करवाया है। अगर उनकी फसल का नुक्सान होता है तो उसका आकलन फसल कटाई प्रयोगों के आधार पर किया जाएगा।

कार्यक्रम में फसल बीमा कंपनी के जिला प्रभारी अजय कुमार, कृषि विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!