Spread the love

कुल्लू टूडे

सोलन

पिछले दिनों प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव में सरकार के खिलाफ वोटिंग करना बागी विधायकों को भारी पड़ने लगी है। सरकार लगातार बागियों पर कार्रवाई कर रही है।

शुक्रवार को खनन, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नवाग्राम और जगतपुर के जोघों में दबिश दी।

बताया जा रहा है कि यह क्रशर व डंपिंग साइट नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर व उनके भाई के हैं। साथ ही पंजेहरा में इन क्रशरों पर लगे टिपरों के चालान किए गए।

दोपहर को अचानक संयुक्त टीम क्रशरों पर पहुंची और कई दस्तावेज खंगाले। खनन विभाग ने क्रशरों और लीज के दस्तावेजों की जांच की।

इस दौरान जोघों में गोशाला के समीप निजी जमीन पर रखी अवैध खनन सामग्री का निरीक्षण किया।

वहीं अवैध डंपिंग करने पर संचालक के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह डंपिंग साइट विधायक के भाई की बताई जा रही है।

हालांकि इस दौरान प्रशासन व संबंधित विभाग के अधिकारियों ने पुरानी शिकायतों का हवाला दिया।

उधर, बद्दी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि खनन विभाग की शिकायत पर माइनिंग एक्ट के तहत जोघों में डंपिंग साइट पर अवैध खनन सामग्री पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया है।

जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि वह स्वयं मौके पर जा रहे हैं। क्रशरों व डंपिंग साइट का रिकॉर्ड जांचा किया जाएगा। अगर रिकॉर्ड नहीं मिला तो अवैध रूप से रखी खनन सामग्री का चालान भी किया जाएगा।

विधायक केएल ठाकुर के क्रशर पर दबिश के बाद आरटीओ विभाग ने पंजेहरा के नवाग्राम क्षेत्र में नाकाबंदी भी की।

यहां पर बिना कागजों के पांच ओवरलोड टिपरों के चालान काटे, जिन पर करीब 1.50 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!