Spread the love

कुल्लू टूडे

मनाली

मनाली में आगामी दो जनवरी से छः जनवरी तक आयोजित किये जाने वाले विंटर कार्निवॉल को आकर्षक बनाने के लिये अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

विंटर कार्निवाल में महिलाओं के लिये विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं तथा नाटियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से जिला के परिधानों व संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा।

यह बात शिक्षा, कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आज मनाली में 78 महिला मण्डलों के प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों के साथ विंटर कार्निवाल की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जिला के परिधानों की अलग विशिष्टता है।

विंटर कार्निवाल के दौरान तीन जनवरी को राईट बैंक की सैंकड़ों महिलाएं काले पट्टू पहन कर पारंपरिक जेवरात सहित मनाली के मॉल रोड पर कुल्लवी नाटी के मैगा प्रदर्शन में भाग लेंगी। इसी प्रकार वामतट की महिलाएं श्वेत पट्टू में पांच जनवरी को नाटी का प्रदर्शन करती नजर आएंगी।

गौरतलब है कि इस दौरान नया साल मनाने के लिये मनाली में हजारों की संख्या में देश के विभिन्न भागों से सैलानी आते हैं और विंटर कार्निवाल उनके लिये आकर्षण का केन्द्र रहता है।

जिला की संस्कृति से सैलानी रू-ब-रू होकर संभवतः इसका बखान अपने प्रदेशों में करते हैं। नाटी के प्रदर्शन को लेकर बैठक में गहन विचार विमर्श हुआ और महिला मण्डलों की सहमति से नाटी का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।

मंत्री ने कहा कि नाटियों के लिये अलग-अलग थीम दिया जाएगा।

इसके लिये उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को 10 दिसम्बर तक थीम को अंतिम रूप देने को कहा।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिये कार और स्कूटी मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा।

कार्निवाल से पहले क्षेत्र की महिलाओं के लिये मिनी मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विंटर कार्निवाल के दौरान 70 साल से अधिक आयु के वरिष्ठ महिला व पुरूषों के लिये अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने इसके लिये उत्सव समिति को अभी से तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा।

उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन भी किया जाएगा। इनमें क्षेत्र के युवक मण्डल भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि कार्निवाल में धनराशि को मौजूदा आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!