Spread the love

कुल्लू टुडे
कुल्लू


वीरवार को जिला भाजपा कुल्लू की बैठक परिधिगृह कुल्लू में जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न मसलों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि 2022 में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर कार्य करने की जिम्मेवारी लेने के लिए तैयार रहने को कहा।

उन्होंने यह भी साफ तौर पर कहा कि लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव मेें हुई हार भी कार्यकर्ताओं के लिए सबक है। इस लिये आने वाले समय में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करके 2022 की विजय सुनिश्चित करेंगे।

जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने बैठक की प्रस्तावना रखते हुए विस्तार पूर्वक चर्चा की। भीमसेन शर्मा ने भी संगठन को मजबूत करने की बात कही।

पूर्व में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा विषय पर मंडी संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री सुरेश शर्मा ने विस्तार से प्रकाश डाला व अध्यक्षों से इस विषय पर फ़ीडबैक ली।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा विषय पर जिला भाजपा प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने विस्तार से जानकारी दी। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव जिला महामंत्री अखिलेश कपूर व जोगिंदर शुक्ला ने प्रस्तुत किया। जिसे सभी ने ध्वनि मत से पारित किया।

बैठक में आनी के विधायक किशोरी लाल सागर, बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक महेश्वर सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्षा धनेश्वरी ठाकुर, जिला से सम्बंधित सभी कार्यकारिणी सदस्य, जिला सह प्रभारी नरेश चंदेल व जिला भाजपा उपाध्यक्ष अमर ठाकुर सहित जिला पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!