Spread the love

कुल्लू टूडे

शिमला

14वां मतदाता दिवस गेयटी थियेटर में 25 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी आज अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उन्होंने कहा कि 14 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य थीम ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ रखा गया है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गेयटी थियेटर में ईवीएम/वीवीपैट डेमनस्टेशन केन्द्र बनाया जाएगा, चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा मतदान संबंधी जानकारी एलईडी के माध्यम से लोगों को प्रदान की जाएगी।

इसके अतिरिक्त मतदाता सुविधा केन्द्र भी स्थापित किया जाएगा, जहां नए और मौजूदा मतदाताओं को वोट बनाने और नवीनीकरण संबंधी सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज के लिए राज्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नए पंजीकृत मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के दौरान एपिक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर एक मतदान केन्द्र और उपमण्डल दण्डाधिकारी कार्यालय में मनाया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिलेभर के सभी बूथ अधिकारी लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने-अपने स्तर पर सभी विभागों, बोर्डों-निकायों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ लेंगे।

आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत स्वीप गतिविधियों के संदर्भ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने 20 से 29 वर्ष के पात्र छूटे मतदाताओं की पंजीकरण दर को भी बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांग मतदाताओं का विभागीय डाटा मतदाता सूची से मिलाने के निर्देश दिए ताकि कोई भी दिव्यांग मतदाता सूची से बाहर न रहे।

उन्होंने बताया कि चुनाव पाठशाला गतिविधियां हर माह के पहले शनिवार को और मतदान साक्षरता क्लब की गतिविधियां हर तीसरे शनिवार को प्रत्येक मतदान केन्द्र और सभी शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला शहरी भानु गुप्ता, उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला ग्रामीण निशांत कुमार, तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!