शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा वीरवार को चम्बा डलहौजी विधानसभा में कांग्रेस विधायक आशा कुमारी पर सीएम बनने की अफवाह फैलाने के आरोपों पर आशा कुमारी ने पलटवार किया है। इसे उपचुनाव में मिली हार की बौखलाहट करार दिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने की अफवाह नहीं फैलाई जाती है। कोई भी विधायक जो जीत कर आता है वो मुख्यमंत्री बनने का पात्र होता है। इसमें अफवाह फैलाने की बात ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पांच बार विधायक बने हैं जबकि वह खुद छः बार विधायक चुन कर आई हैं और विधानसभा में सबसे वरिष्ठ विधायक हैं।
मुख्यमंत्री बनने की अफवाह कोई नहीं फैलाता। कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने कहा कि 2022 में कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी करेंगे।
कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उप चुनावों में मिली हार से बौखला गए हैं और उस बौखलाहट में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कांग्रेस की चिंता न करें कि कौन मुख्यमंत्री होगा, वे अपनी सरकार के बारे में सोचें।
वहीं, कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने मुख्यमंत्री जयराम पर कोरी घोषणाएं करने के आरोप लगाते हुए कहा कि डलहौजी विधानसभा में पूर्व की वीरभद्र सरकार की योजनाओं का शिलान्यास किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तेलका में काफी समय पहले सब तहसील बनाने की घोषणा की थी लेकिन उसका उद्घाटन क्यों नहीं किया गया। आशा कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल कोरी घोषणा कर रहे हैं।
