Spread the love

कुल्लू टूडे

शिमला

दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल शिमला में आज रोगी कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने की और इस दौरान विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रोगी कल्याण समिति के 1 करोड़ 98 लाख रूपये के बजट को अनुमोदन प्रदान किया।

उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों से 2021-2022 के लेखापरीक्षित व्यय पर विस्तृत चर्चा की और वित्तीय वर्ष 2023-24 की आमदनी व व्यय पर गहनता से विचार विमर्श किया और इससे सम्बंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

इसके उपरान्त विधायक हरीश जनारथा ने अस्पताल परिसर में चल रहे मिल्क फेड बूथ, एटीएम, एचपीएमसी बूथ व कैंटीन संबंधित मामलों पर चर्चा की और व्यावसायिक गतिविधियों से आय अर्जित करने पर बल दिया ताकि रोगियों को सुविधा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार लोगों को आधुनिक उपकरणों द्वारा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिक्षक डॉ लोकेंद्र शर्मा ने बैठक का संचालन किया और रोगी कल्याण समिति की गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

रोगी कल्याण समिति ने खून की जांच, बायोकेमिस्ट्री व पैथोलॉजी में युजर शुल्क को आईजीएमसी शिमला के तर्ज पर बढ़ाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का निर्णय लिया।

बैठक में महापौर नगर निगम शिमला सुरिन्दर चौहान, स्थानीय पार्षद सुषमा कुठियाला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ सुरेखा चौपडा, जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल शर्मा, अन्य चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!