कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के भगेड़ कस्बे में आवारा कुत्तों का इतना आतंक हो गया है कि अब यह कुत्ते राहगीरों को तो काट रहे हैं साथ में लोगों के घर में जाकर बंधे पशुओं पर भी हमला कर रहे हैं।
जिसमें करीब एक दर्जन मेमनों को मौत के घाट उतार दिया गया है। जिससे अब स्थानीय लोगों को अपने पशुओं व बच्चों की चिंता सताने लगी है।
उल्लेखनीय है कि भगेड़ कस्बे में पिछले 6 माह से आवारा कुत्तों का इतना आतंक हो गया है कि लोगों के नाक में दम कर दिया है।
पिछले 1 माह के भीतर भगेड़ के साथ लगते अन्य गांव में भी यह कुत्तों का झुंड लोगों के घर में बंधे पशुओं पर हमला कर रहा है।
जिसने करीब एक दर्जन मेमनो को मौत के घाट उतार दिया तथा करीब 6 लोगों को काटकर चोटिल कर दिया है तथा ऐसी गर्मी में लोगों को रेबीज के टीके लगवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जिससे उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। बकरोआ पंचायत के स्थानीय वार्ड सदस्य प्यार सिंह ने बताया कि बकरोआ गांव के पवन कुमार पुत्र ईश्वर दास, कृष्णु राम पुत्र लोभी राम, बाबू राम, रामेश्वरी देवी, कृष्ण देव, कश्मीर चंद, बेसरिया राम आदि के मेमनों को मौत के घाट उतार दिया है।
स्थानीय दुकानदारों व पंचायत प्रतिनिधि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि लोग राहत की सांस ले सकें।
