Spread the love

कुल्लू टूडे

केलांग

जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के उपमंडल उदयपुर में उपायुक्त लाहौल स्पीति राहुल कुमार ने उदयपुर उपमंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में आश्वासन देते हुए कहा कि उदयपुर सब डिवीजन में सड़क बिजली पानी व स्वास्थ्य, शिक्षा व सिंचाई सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लोगों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कहा कि जिला में विशेषकर युवाओं में बढ़ते नशे की प्रचलन पर रोकथाम के लिए आम लोगों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित बनाई जाएगी।

उपायुक्त ने बैठक में मौजूद पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी को निर्देश जारी करते हुए कहा कि जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किए जाए ताकी नशे के अवैध कारोबारियों पर नकेल कसी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने कहा कि जिला में नशे के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और विशेष अभियान के दौरान लोगों को सहयोग करने का भी उन्होंने आह्वान किया।

उपायुक्त ने तिन्दी ग्राम पंचायत में सर्दियों के दौरान अचानक भूस्खलन से सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से मार्ग पर फंसे हुए यात्रियों के लिए उचित प्रबंध करने के लिए ग्राम पंचायत तिंदी के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से व्यय का वहन किया जाएगा।

उपायुक्त ने पंचायत स्तर गठित रेस्क्यू टीमों को भी सक्रिय होकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व पुलिस टीम के साथ समन्वय के साथ कार्य करने को भी कहा।

उपायुक्त राहुल कुमार ने ग्राम पंचायत उदयपुर के पर्यटक स्थल मिनी मनाली में प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने के उपरांत वहां पर फैले हुए कचरे के उचित निस्तारण लिए ग्रामीणों को भी स्वेच्छा से आगे आने की बात कही।

उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कहा कि जिला के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर प्लास्टिक व ठोस तथा तरल कचरे के प्रबंधन को लेकर भी प्रभावी कार्ययोजना को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाया जा रहा है।

जिसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर प्रभावी कार्य योजना को बनाने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देश जारी किये हैं।

उन्होंने इस थिरोट पंचायत में श्री मणिमहेश यात्रियों के लिए सामुदायिक भवन बनाने के लिए भूमि तलाशने के लिए एसडीएम को निर्देश जारी किए।

बैठक में मौजूद ग्राम पंचायत उदयपुर त्रिलोकनाथ, किशोरी, मडग्रां, हिंसा, थिरोट, टिंगरिट, तिन्दी,चिमरिट व सलग्राम के प्रधानों ने अपनी पंचायतों से संबंधित मुख्य समस्याओं को भी रखा। उपायुक्त ने गंभीरता से समस्याओं को सुना और जल्द ही समाधान करने का आश्वासन दिया।

ग्राम पंचायत जुंडा के पर्यटक केन्द्र गारजा खण्डोलिंग गोम्पा ओथंग में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कहा कि जाहलमा जुंडा सिंचाई नहर व सम्पर्क मार्ग को जल्द ठीक करवाया जाएगा उसके लिए उचित धन राशि का भी प्रावधान किया जाएगा।

इस बैठक से पूर्व उपायुक्त ने मृकुला माता के मंदिर में पूजा अर्चना भी की और लोगों को बुद्ध पुर्णिमा की भी शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!