Spread the love

कुल्लू टूडे

चंबा

उपायुक्त चंबा अपूर्व देवगन ने कहा है कि ज़िला में सभी शिक्षण संस्थानों को अगले तीन माह के भीतर तंबाकू मुक्त घोषित करने के लिए विशेष मुहिम के तहत गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित बनाया जाए।

उपायुक्त ने ये भी निर्देश दिए कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता एवं जानकारी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा आवश्य कार्यवाही सुनिश्चित बनाई जाए।

उपायुक्त ने यह बात बीते दिन मंगलवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांड़ा के तत्वावधान में आयोजित ज़िला स्तरीय समन्वय समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

ज़िला में हिमाचल प्रदेश तंबाकू नियंत्रण प्रगामी केंद्र ( कैच) के टॉफी कार्यक्रम को पूर्ण प्रभावी रूप से कार्यान्वित करने के लिए उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अगले तीन माह की समय सीमा निर्धारित करते हुए ज़िले में सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त संस्थान घोषित करने के निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि ये भी सुनिश्चित बनाया जाए कि किसी भी शिक्षण संस्थान की एक सौ (100 मीटर) मीटर की परिधि के भीतर तबाकू उत्पादों की बिक्री ना हो । नियमों के उल्लंघन की अवस्था में कार्यवाही की जाए।

उन्होंने ज़िला में कोटपा अधिनियम 2003 के प्रावधानों को कड़ाई से लागू करने को निर्देशित किया।

अपूर्व देवगन ने पंचायत स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सरकार द्वारा तंबाकू मुक्त पंचायत घोषित होने पर पांच लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) को भी संयुक्त रूप से कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।

उपायुक्त ने समन्वय समिति और ज़िला व खंड स्तरीय उड़न दस्तों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान परियोजना समन्वयक डॉ.साक्षी सुपहिया ने तंबाकू मुक्त अभियान में सहयोग देने वाली संस्थाओं एवं कार्य योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।

उन्होंने बताया कि तंबाकू क्विट हेल्पलाइन 1800-11-2356 व 104 के माध्यम से चिकित्सीय परामर्श लिया जा सकता है।

ज़िला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. करण हितेषी ने बैठक में ज़िला स्तर पर आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।

Leave a Reply

error: Content is protected !!