Spread the love

कुल्लू टूडे

ऊना

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में बुधवार को विजिलेंस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 6 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। पटवारी ने भूमि की तसीम करने की एवज में 6 हजार की रिश्वत मांगी थी।

मिली जानकारी के अनुसार जिला के घुगन ककराणा निवासी स्वर्ण सिंह ने भूमि की तकसीम के लिए आवेदन किया था। जिसकी फाइल थानाकलां पटवार सर्कल के पटवारी विनोद कुमार को भेजी गई थी।

लेकिन पटवारी तकसीम की एवज में स्वर्ण सिंह से 6 हजार रुपए की मांग कर रहा था। जिस पर स्वर्ण सिंह ने मंगलवार को ऊना में विजिलेंस के अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें अपनी शिकायत दी।

जिस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने बुधवार को एएसपी धर्म चंद वर्मा के नेतृत्व में पटवारी को रंगेहाथ दबोचने के लिए अपना जाल बिछाया। इस बीच थानाकलां सर्कल के पटवार घर में विनोद कुमार ने स्वर्ण सिंह से रिश्वत ली।

जिस पर विजिलेंस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटवारी विनोद कुमार को रंगे हाथों दबोच लिया। उसके पास से 6 हजार रुपए की नगदी बरामद हुई है। विजिलेंस टीम में इंस्पेक्टर इंदू देवी, सब इंस्पेक्टर जसवीर चंद और सुमन बाला शामिल थे।

एएसपी विजिलेंस ऊना धर्म चंद वर्मा ने बताया कि आरोपी पटवारी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जिसे वीरवार को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विजिलेंस इस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!