Spread the love

कुल्लू टूडे

कांगड़ा

उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने देश, समाज और परिवार की प्रगति में स्त्री शक्ति के योगदान को रेखांकित करते हुए महिला सशक्तिकरण के विमर्श को सार्थक दिशा देने में सबकी सहभागिता पर बल दिया है।

वे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला में रोटरी क्लब धर्मशाला द्वारा बुधवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि एक उन्नत समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। इसलिए महिला सशक्तिकरण के वर्तमान विमर्श की सार्थकता के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।

उपायुक्त ने समाज में प्रेरक कार्य करने वाली महिलाओं को इस अवसर पर सम्मानित कर उनका अभिवादन किया।

उन्होंने रोटरी क्लब की ओर से गंधर्वा राठौड़ (आईएएस), शिल्पी बेक्टा (एचएएस), डॉ. अनुपम कपूर (चिकित्सक), समाज सेवी सारिका कटोच तथा इन्नर व्हील संस्था की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा को उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित किया।

डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन होते रहने चाहिए। इससे समाज में अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं को और मजबूती से आगे बढ़ने का बल मिलता है, साथ ही इस दिशा में कार्य करने के लिए अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।

उपायुक्त ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जाने वाले प्रयासों को अनेक गैर सरकारी संस्थाओं के सहयोग से बल मिलता है।

उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऐसी संस्थाओं में से एक है, जो सदैव प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसी संस्थाओं का सहयोग भविष्य में भी अपेक्षित रहेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ रोटेरियन वी.एस.परमार ने रोटरी क्लब धर्मशाला के उद्देश्यों, सामाजिक कार्यों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर रोटरी क्लब धर्मशाला के अध्यक्ष अजय शर्मा, सचिव तेज सिंह, इन्नर व्हील कल्ब की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा सहित कल्ब से सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!