कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
जिला बिलासपुर के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूक किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत आज स्वास्थ्य खंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत लद्दा में कुष्ठ रोग उन्मूलन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रवीण कुमार ने दी।
सहायक कुष्ठ रोग अधिकारी विवेक कुमार ने लोगो को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि यह भ्रम है कि यह बिमारी छुआछूत की है लेकिन ऐसा नही है। यह एक संक्रामक बीमारी है और ईलाज के बाद ठीक हो जाता है।
उन्होंने बताया कि यह रोग माइक्रो बैक्टीरिएम लैपरी के कारण होता है और अभी भी इसके विषाणु वातावरण में व्याप्त हैं।
इस रोग के कारण व्यक्ति की त्वचा में हल्के पीले रंग के दाग, शरीर के किसी भाग में नसों का मोटा होना, हाथों की उंगलियों में पकड़ कम होना आंखों की पलकों का बंद न होना, भौहों के बालों का कम होना, शरीर के घाव का लंबे समय तक ठीक न होना इत्यादि प्रमुख लक्षण होते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में 12 कुष्ठ रोगियों का इलाज चल रहा है। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा सतर्कता बरतते हुए गत वर्ष अप्रैल 2022 से 30 दिसम्बर, 2022 तक 8 कुष्ठ रोगियों की पहचान की गई है जिनका भी इलाज शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग कुष्ठ रोग के लक्षणों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा है कि अगर किसी भी व्यक्ति में इस प्रकार के लक्षण पाए जाते हैं तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।
उन्होंने बताया कि समय पर चिकित्सक को दिखाने पर कुष्ठ रोग का इलाज 6 माह से 1 वर्ष के बीच संभव है। इस रोग का समय पर जांच करवाने पर किसी भी प्रकार की अपंगता से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस बीमारी से ग्रसित किसी भी व्यक्तियों को ढूंढ कर लाने और उनका इलाज करवाने के लिए आशा कार्यकर्त्ताओं को प्रोत्साहन राशि प्रति रोगी सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान भूपेंद्र सिंह, डॉ मधुबाला, डॉ विश्व दीप संधू, स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ,लीला शर्मा, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुरेंद्र, देवराज शर्मा, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर शिखा शर्मा, सीएचओ करिश्मा, प्रियंका, लता, फीमेल हेल्थ वर्कर किरण ठाकुर, सरोज, कांति वाला सहित आशा वर्कर तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
