Spread the love

कुल्लू टूडे

मंडी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मंडी जिला के द्रंग में आयोजित कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के दौरान एक विवादास्पद बयान देकर जता दिया कि वह सुखविंदर सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने से कतई खुश नहीं हैं। उन्होंने बातों ही बातों में जता दिया कि भले ही सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए हों, लेकिन यदि कौल सिंह ठाकुर अपनी सीट न हारते तो आज वह मुख्यमंत्री होते।

प्रतिभा सिंह ने पधर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भले ही कांग्रेस पार्टी की सरकार सत्ता में आई है। लेकिन द्रंग विधानसभा क्षेत्र की सीट हारने का बहुत दुःख हुआ है। उन्होंने कहा कि बड़े अफसोस कि बात है कि 8 मर्तबा विधायक, 4 बार मंत्री, विधानसभा स्पीकर और पार्टी के अध्यक्ष रहे ठाकुर कौल सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को द्रंग के मतदाताओं ने चुनाव में हरा दिया।

हालांकि कांग्रेस की गुटबाजी उस दिन भी खुल कर सामने आ गई थी जब शिमला में मुख्यमंत्री का चयन होना था। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने इसे बड़ी सहजता से संभाल लिया था। लेकिन अब एक बार फिर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बयान से कांग्रेस की गुटबाजी को हवा मिल गई है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साफ तौर से कहा कि अगर कौल सिंह ठाकुर चुनाव जीते होते तो आज सुखविंदर सिंह सुक्खू की जगह वह मुख्यमंत्री होते। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुझे कौल सिंह ठाकुर रास्ते मे मिले। तो मैंने कहा कि अगर आप चुनाव जीते होते तो सुखविंदर सुक्खू की जगह आप मुख्यमंत्री की शपथ ले रहे होते। वही, कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि यह सब भाग्य की बात है। सुक्खू के भाग्य में मुख्यमंत्री बनना लिखा था और वह मुख्यमंत्री बन गए।

पधर में हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि अब द्रंग की जनता को अपने किए का पछतावा हो रहा है। वहीं प्रदेश भर में लोगों को इस बात का अफसोस है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि स्व.राजा वीरभद्र सिंह के बाद कौल सिंह ठाकुर सबसे सीनियर नेता हैं। उनके अनुभव का सरकार को लाभ मिलेगा। उन्हें एक अच्छे पद की कमान सौंपे जाने की पैरवी मुख्यमंत्री से की जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा कहे गए इन शब्दों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की आंखों से आंसू छलक पड़े। महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेशमा ठाकुर मंच पर रो पड़ी।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर चेतराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मेहनत से पार्टी का कार्य करें। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का पहला चरण 30 तारीख को कश्मीर में संपन्न हो रहा है। दूसरे फेज में ’हाथ से हाथ जोड़ो’ कार्यक्रम देशभर में शुरू किया गया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!