कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
एसीसी प्लांट बंद होने के बाद आज 19वें दिन में प्रवेश हुए ट्रक ऑपरेटरों का सीमेंट नगरी में चल रहा आंदोलन अभी तक नहीं सुलझ पाया हैं।
ट्रक ऑपरेटरों के समर्थन में सोमवार को साथ लगते गांव की महिला मंडल सदस्यों ने आंदोलन को और उग्र किया।
एसीसी फैक्ट्री के गेट पर ताला लगने के विरोध में बरमाणा में रोजाना की तरह एसीसी गेट तक रैली निकाली।
यहां पर संघर्षरत ट्रक आपरेटरों के समर्थन में सोमवार को स्थानीय पंचायत उप प्रधान अवधेश भारद्वाज की अगुवाई में महिला मंडल सदस्यों ने रोष रैली निकाली।
यहां पर महिला मंडल सदस्यों ने करीब आधा घंटा धरना दिया तथा अदाणी समूह के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की।
बीडीटीएस कार्यकारिणी के शिमला बैठक में होेने के कारण महिलाओं ने सोमवार को मोर्चा संभाला।
धरने को संबोधित करते हुए अवधेश भारद्वाज, महिला मंडल निचली भटेड़ की प्रधान सत्य देवी, मीरा देवी ने कहा कि अदाणी समूह द्वारा एसीसी फैक्ट्री में की गई तालाबंदी से केवल ट्रक आपरेटर व दुकानदार ही प्रभावित नहीं हो रहे हैं।
इसके कारण आम आदमी भी प्रभावित हो रहा है। काफी लोगों ने अपने मकान किराये पर दे रखे हैं लेकिन कामगारों के अपने घरों को चले जाने के कारण मकान खाली हो गए हैं। इससे उनको आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसी प्रकार कुछ ग्रामीण दूध बेचने के लिए बरमाणा आते थे। इससे ही उनकी रोजी – रोटी चल रही थी लेकिन बरमाणा में चाय व ढाबों में नाममात्र काम रह गया है जिस कारण ग्रामीणों का दूध भी नहीं बिक पा रहा है।
इतना ही नहीं साथ लगती पंचायतों के काफी लोग बरमाणा सीमेंट फैक्ट्री में ठेकेदारों के माध्यम से काम करके अपनी रोजी – रोटी कमा रहे थे लेकिन फैक्ट्री के बंद हो जाने के कारण उनकी रोजी.रोटी पर भी संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को हस्तक्षेप करके इसे लोक हित में शीघ्र खुलवाना चाहिए ताकि ट्रक आपरेटरों सहित अन्य लोग अपनी आजीविका कमा सकें।
उन्होंने सरकार व अडाणी समूह को चेतावनी दी कि यदि ऐसा न किया गया तो आने वाले दिनों में साथ लगती पंचायतों के लोग भी अपनी रोजी – रोटी बचाने के लिए सड़कों पर उतरने के लिए विवश होंगे। जिसकी जिम्मेवारी जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार की होगी।
महिला मंडल सदस्यों ने रोष रैली में कहा कि समय रहते अदाणी एसीसी फैक्ट्री का गेट खोले दें और सीमेंट उत्पादन शुरू करे। अदाणी की तानाशाही से ऑपरेटर नहीं झुकने वाले है।
