Spread the love

कुल्लू टूडे

शिमला

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के संकेत देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को रोकने के मसले पर जीरो टोलरेंस नीति के तहत काम करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस मसले पर ट्रांसपेरेंसी एक्ट लाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें जिस विश्वास हुआ उम्मीद के साथ प्रदेश की बागडोर सौंपी है, वह उस पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

रविवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पहुंचे और मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बेहद गरीब परिवार का व्यक्ति आसीन हुआ है। जिसके लिए उन्होंने प्रदेश की जनता व कांग्रेस हाईकमान का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास को तरजीह दी जाएगी।

इस मौके पर उनको बधाई देने पहुंची प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व मुख्यमंत्री पद की प्रबल दावेदार प्रतिभा सिंह का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं पार्टी का सदस्य हूं और आप मेरी अध्यक्षा हैं।

उन्होंने प्रतिभा सिंह का सम्मान करते हुए उन्हें माता की चुनरी भेंट की तथा विक्रमादित्य सिंह को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल बनाते हुए सरकार को चलाएंगे और प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में कल्याणकारी नीतियां तैयार की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि उनकी और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की जोड़ी प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने में बेहतर भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!