Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता संदीप सांख्यान ने प्रेस को जारी बयान में कहा है कि देश के प्रधानमंत्री का बिलासपुर दौरा आम जनता के लिए मुसीबत बन गया है।

भले ही सुरक्षा की दृष्टि से उनकी अगवाई में पुलिस बल की भारी तैनाती की हो लेकिन आम जनता का ध्यान भी तो रखा जाना चाहिए। कोठीपुरा से लेकर बिलासपुर शहर, एम्स से लेकर नम्होल, शहर से लेकर कंदरौर व घागस तक चप्पे चप्पे पर तैनात पुलिस बल तथा भारी भरकम ट्रैफिक से आम आदमी खासा परेशान हो रहा है। लोगों को अपने कामों पर जाने के लिए घंटो जाम में फंसना पड़ रहा है।

मंडी भराड़ी तथा अन्य संपर्क सड़कों पर लगातार हो रही वाहनों की आवाजाही से उड़ रहे धूल के गुबारों से बुुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।

प्रधानमंत्री की अगवाई में सभी कर्मचारियों को भी काम पर लगा दिया गया है। चार दिन पहले ही हो रही इस एक्सरसाइज से जनता बेहाल है।

सरकारी दफ्तरों में लोग अपने काम करवाने के लिए पहंुच रहे हैं तो वहां पर न तो अधिकारी मिल रहे हैं और न ही कर्मचारियों का कोई पता लग पा रहा है।

लोग मायूस होकर अपने घरों को लौट रहे हैं। ऐसा ही हाल जिला अस्पताल का है जहां पर चिकित्सकों को भी इस इवेंट के लिए खास तौर पर जोड़ा गया है।

अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ है लेकिन उन्हें देखने वाला कोई नहीं है। ऐसे में लोग प्राइवेट चिकित्सालयों की ओर रूख कर रहे हैं।

करीब दो सालों से बिलासपुर में मेडीकल स्पेशलिस्ट की तैनाती तक नहीं हुइ है इससे पता चलता है कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में कितना अंतर है।

अपने आला नेताओं के आगे स्वयं को उत्कृष्ट साबित करने में लगे भाजपा नेता इतने स्वार्थी हो चुके हैं कि उन्हें आम जनता से कोई सरोकार नहीं है।

सरकारी भवनों, पुलों पर लहलहा रहे भाजपा के झंडों से ये यह साबित करना चाहते हैं कि सारा विकास केवल भाजपा की देन है और इन्हीं पांच चार सालों में हुआ
है। शहर में होने वाले कार्यक्रमों को भी बंद करवाया जा रहा है। आयोजन स्थल के इर्द गिर्द बसने वाली आबादी को एक प्रकार से नजरबंद कर दिया गया है।

संदीप सांख्यान ने कहा कि एम्स का बिलासपुर में खुलना बहुत अच्छी एवं सुखद बात है लेकिन इस एम्स के लिए कांग्रेस द्वारा की गई मेहनत को कभी भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

यूपीए सरकार के समय में स्वीकृत हुए हिमाचल प्रदेश के एम्स के लिए तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने कोठीपुरा में भूमि उपलब्ध करवाई थी।

पूर्व में हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कांग्रेस के कद्दावर और वरिष्ठ नेता ठाकुर राम लाल ने एम्स की संवेदनशीलता को समझा तथा पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के समक्ष बिलासपुर में एम्स खोलने के पक्ष को शिद्दत से रखा।

कांग्रेस सरकार ने भूमि अलॉटमेंट और क्लीयरेंस से लेकर हर औपचारिकता को पूरा किया और आज बिलासपुर में एम्स का शुभारंभ होने जा रहा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!