Spread the love

कुल्लू टूडे

हमीरपुर

उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अपने-अपने विभागों की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करके दो दिन के भीतर जिला प्रशासन को प्रेषित करें।

उन्होंने बताया कि स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य पर प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर भी विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में तेजी से कार्य करें तथा इन योजनाओं के लाभार्थियों की सूची भी तैयार करें।

उन्होंने कहा कि यदि पात्र लोगों को किसी योजना के तहत लाभान्वित करने में बजट की कमी पड़ रही है तो शीघ्र इसे ध्यान में लाएं, ताकि इनके लिए भी धनराशि का प्रावधान किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, हिमकेयर, सहारा, गृहिणी सुविधा योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना और अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं पर विशेष रूप से फोकस किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाएं, ताकि अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

उपायुक्त ने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभाग आपसी तालमेल के साथ ग्रामीण स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करें, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर कई विभागीय योजनाओं की जानकारियां उपलब्ध हो सके।

देबश्वेता बनिक ने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से गठित स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए गए स्थानीय उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए सभी बी डीओ अपने-अपने क्षेत्रों में स्थान निर्धारित करें। इससे इन समूहों को अच्छा प्लेटफार्म उपलब्ध होगा तथा उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!