कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
जिले के बरमाणा में स्थित प्रसिद्ध सांपों के देवता गुग्गा जाहर पीर मंदिर के प्रांगण में शनिवार शाम को श्री गुग्गा जागरण कमेटी द्वारा विशाल भगवती जागरण आयोजित किया गया।
इस धार्मिक समागम में आसपास गांवों के लोगों ने भारी संख्या में भाग लिया। गुग्गा जागरण कमेटी द्वारा मां भगवती का सुंदर पंडाल सजाया गया था जबकि पूरे परिसर में सुंदर रौशनाई की गई थी।
जगराते में हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध बाबा के नाम से मशहूर जटाओं वाले पार्श्व गायक हंसराज रघुवंशी ने मंच पर पहुंचते ही मौजूद दर्शकों का अभिवादन ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से किया। हंसराज रघुवंशी के मुख से शिवार्चन सुनकर पंडाल में मौजूद सारे दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे और उनके भजनों ने शनिवार की देर शाम समां बांध दिया।
जैसे ही हंसराज रघुवंशी ने ‘मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी’ गाया समूचा बरमाणा गुग्गा जी की नगरी भक्तिमय होकर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से समूचा क्षेत्र गूंजता रहा। भोले बाबा के प्रति विशेष आस्था दर्शाते हुए हंसराज रघुवंशी ने कहा कि जनता का आशीर्वाद और यह उनका सौभाग्य है कि बरमाणा गुग्गा जी की नगरी में स्तुति करने का पुण्य अवसर फिर से मिला। भोलेनाथ के प्रति बचपन से ही उनकी विशेष आस्था रही है आज जो कुछ भी हासिल किया और जो भी हैं सब महादेव का आशीर्वाद है।
हंसराज रघुवंशी के उपरांत भजनों की प्रसिद्ध गायक नीरू चांदनी ने चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है, तूने मुझे बुलाया शेरावालिए,सोहणा नजारा तेरे मंदिरा रा आदि भेंटे गाई। उनकी सुरीली आवाज ने मां के दरबार में ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालू थिरकते रहेऔर भोर तक मां की महिमा का गुणगान किया।
इस सुहावने मौसम में मशहूर लोक गायक सुरेश वर्मा और संजीव भारद्वाज भी मां की महिमा का गुणगान करने से पीछे नहीं हटे। माँ के जगराते में राम भक्त हनुमान जी की सेना सहित की मनमोहक झांकियों का भी आयोजन किया गया।
इस दौरान गुग्गा जागरण कमेटी ने विशाल भगवती जागरण में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए सदर के विधायक सुभाष ठाकुर व उनके साथ आए बीडीटीएस के पूर्व चेयरमैन गंगा सिंह ठाकुर, व्यवसायी शमशेर चंद गौतम को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा जिप अध्यक्षा कुमारी मुस्कान, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, बीडीसी चेयरमैन सीता धीमान, पंचायत प्रधान पूजा धीमान, राजेश कुमार , अशोक ठाकुर, कुबेर सिंह, प्रमुख कारोबारी तनुज अग्रवाल आदि को सम्मानित किया गया।
हिमाचल प्रदेश और बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी , प्रसिद्ध गायक नीरू चांदनी को गुग्गा जागरण कमेटी ने बतौर स्मृति चिन्ह देकर सम्मान दिया।
