Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

ठेकेदार यूनियन के अध्यक्ष आशीष ढिल्लों ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में वित्तीय व्यवस्था डगमगा गई है।

उन्होंने बताया कि कई जिलों में ट्रेजरी व्यवस्था प्रभावित होने के कारण विकास कार्यों के भुगतान लंबे समय से लंबित हैं, जिससे ठेकेदारों के साथ-साथ मजदूरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ढिल्लों ने कहा कि ठेकेदारों ने अपने संसाधनों, बैंक ऋण और निजी उधार लेकर समय पर विकास कार्य पूरे किए, लेकिन अब उन्हें उनका वैध भुगतान नहीं मिल पा रहा है।

इसके चलते वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और बैंक किस्तें, मशीनरी खर्च, निर्माण सामग्री के बिल तथा मजदूरों की मजदूरी देना कठिन हो गया है।

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक असर दिहाड़ी मजदूरों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है, जिनकी आजीविका रोजाना की मजदूरी पर निर्भर है।

भुगतान रुकने से मजदूरों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा और कई परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं।

आशीष ढिल्लों ने सरकार से मांग की कि लंबित भुगतान तुरंत जारी किए जाएं और ट्रेजरी व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो ठेकेदार अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!