Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर ने नगर परिषद बिलासपुर और घुमारवीं के सहयोग से प्रतिबंधित एकल-उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ संयुक्त जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया।

इस दौरान करीब 100 दुकानों का निरीक्षण किया गया और दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान व्यापारियों को बताया गया कि प्लास्टिक कटलरी, कैरी बैग, कैंडी स्टिक, आइसक्रीम स्टिक तथा थर्मोकोल से बनी वस्तुएं वर्तमान नियमों के तहत पूर्णतः प्रतिबंधित हैं।

अधिकारियों ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण के हित में इनका उपयोग बंद कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की सलाह दी। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की भी जानकारी दी गई।

क्षेत्रीय अधिकारी वरुण गुप्ता और कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता अंशुल कुमार ने दुकानदारों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया।

अभियान का संचालन वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी, कनिष्ठ अभियंता मोहित शर्मा तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक सौरभ भारद्वाज के समन्वय से किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंध को प्रभावी बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसने पूरा सहयोग दिया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!