कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हरियाणा के जिला करनाल में सूरज हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान दलित समाज की महिलाओं के विरूद्ध की गई आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी को लेकर शनिवार को पे बैक टू सोसायटी के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र पाल भाटिया के तत्वावधान में विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
वहीं प्रैस को जारी बयान में राजेंद्र पाल भाटिया ने कहा कि इस प्रदर्शन के दौरान भीड़ में शामिल एक महिला तथा कुछ अन्य लोगों ने दलित समाज के खिलाफ अत्यंत जातिगत, आपत्तिजनक, अपमानजनक एवं अभद्र टिप्पणियां सरेआम कर दीं।
कुछ लोगों ने पूरे अनुसूचित जाति समाज को निशाना बनाकर बयान दिए। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जातीय संवेदनशीलता का मुद्दा बन गया है, तनाव की स्थिति पैदा हुई है तथा सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बढ़ चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियों से न केवल दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि समस्त भारत में सामाजिक सौहार्द एवं शांति भी प्रभावित हुई है।
यह घटना अत्यंत गंभीर है क्योंकि यह संविधान द्वारा प्रदत्त समानता, गरिमा एवं सामाजिक न्याय के मूल सिद्धांतों के विपरीत है। इस प्रकार की ब्यानबाजी, समाज में विभाजन और तनाव को बढ़ावा देती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु संबंधित प्रशासन को आवश्यक दिशा.निर्देश जारी किए जाएं।
इस प्रतिनिधिमंडल में महर्षि बाल्मीकि धर्म सभा जिला बिलासपुर ईकाइ, गुरु रविदास सभा, बिलासपुर अंबेडकर समिति जिला बिलासपुर के प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र पाल भाटिया, अशोक कुमार, मदन लाल, सेवानिवृत वरिष्ठ प्रबंधक मनसा राम, पूर्व पार्षद अनिल किशोर, बादल, पूर्व पार्षद रोहित कुमार, उमा किशोर और पायल आदि मौजूद थे।
