कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
एसीसी अदानी डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल बरमाना ने कक्षा दसवीं सत्र 2025-26 के सीबीएसई परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है।
यह जानकारी स्कूल के कार्यवाहक प्रिंसिपल किरण कुमार शर्मा ने साझा करते बताया कि परीक्षा में शामिल सभी 80 विद्यार्थी सफल रहे जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।

इस वर्ष नवदीप प्रजापत ने 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और स्कूल का नाम रोशन किया। द्वितीय स्थान पर अनुराग चंदेल और महेश्वरी चंदेल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि अन्वेषा जोशी ने 96.4 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के कुल 16 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

वहीं 26 छात्रों ने 80 से 90 प्रतिशत, 16 ने 70 से 80 प्रतिशत, 20 ने 60 से 70 प्रतिशत तथा 6 विद्यार्थियों ने 50 से 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय का कुल क्यूपीआई 79.12 दर्ज किया गया जो स्कूल के शैक्षणिक स्तर को दर्शाता है।

विषयवार प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। अंग्रेजी में 32 विद्यार्थियों ने 90 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि हिंदी में 21 छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गणित में 4, विज्ञान में 8 तथा सामाजिक विज्ञान में 18 विद्यार्थियों ने 90 से अधिक अंक हासिल किए। सूचना प्रौद्योगिकी विषय में 46 छात्रों ने 90 से अधिक अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया जिसका क्यूपीआई 89.6 रहा।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य किरण कुमार शर्मा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य किरण कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालय के इस शानदार परिणाम के पीछे पूर्व प्रधानाचार्य सुनील गांगटा का विशेष योगदान रहा है।
उनके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और अनुशासित कार्यशैली ने विद्यालय में शिक्षा का एक मजबूत आधार तैयार किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने निरंतर उत्कृष्टता की ओर कदम बढ़ाए।
हाल ही में विद्यालय से कार्यमुक्त हुए सुनील गांगटा ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों को प्रेरित करने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय परिवार ने उनके योगदान को याद करते हुए इस सफलता का एक बड़ा श्रेय उन्हें भी दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
