कुल्लू टूडे
कुल्लू
कुल्लू जिला में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जहां जिला भर में जमकर तबाही मचा रखी है। वही, मंगलवार सुबह कुल्लू जिला मुख्यालय पर ढालपुर में भूस्खलन होने से एक महिला की दबकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ढालपुर में विक्रांत होटल के पीछे रहने वाली 57 वर्षीय लता देवी मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे के आसपास अपने घर के पिछली तरफ किसी काम से गई थी। इस दौरान भूस्खलन होने से वह मलबे की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि एक वकील ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी मलबे की चपेट में आने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाने से हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह व गौरव सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया और महिला को मलबे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं घायल वकील को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
बचाव अभियान में स्थानीय लोगों के साथ-साथ होमगार्ड के जवानों ने भी मदद की है। प्रशासन की तरफ से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है।
