कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
भाजपा सदर मंडल के उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग त्रस्त है।
आलम यह है कि जहां सरकारी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने प्रदर्शन पर बैठे हैं।
वहीं आम आदमी को भी सरकार केवल करदाता ही मानती है जबकि सुविधाओं के नाम पर सरकार के पास कुछ शेष नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आर्थिक कुव्यवस्था के कारण आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। मुख्यमंत्री जैसे कैसे अपना समय काट रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया है कि गर्मियों के मौसम में जहां पानी के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गई है।
वहीं कांग्रेस सरकार के शासनकाल में आम लोगों को सस्ते राशन के डिपो से आधा सामान लेकर ही लौटना पड़ रहा है।
कभी डिपुओं में दालों की कमी है तो कभी तेल नहीं आता और अब चीनी का रोना रोया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तहत पिछले 2 महीनों से चीनी नहीं मिल रही है। जबकि इस महीने से तो दाल उड़द व चना दाल भी मिलना बंद हो गई है।
जिससे आम आदमी को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरन दुकानों से राशन खरीदना पड़ रहा है। जिससे सरकार की यह सस्ते राशन की सुविधा सफेद हाथी साबित हो रही है।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाने के लिए दालों व चीनी के टेंडर नहीं लगा पाई है।
सुभाष ठाकुर ने आरोप लगाया कि मित्रों को लाभान्वित करने के लिए इस सरकार के पास पैसे की कमी नहीं है।
लेकिन जब बात आम आदमी को राहत पहुंचाने की होती है तो यह सरकार पैसे का रोना रो देती है।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आने वाले समय में अपने झूठ का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्तासीन हुई कांग्रेस सरकार से हर वर्ग दुखी हो गया है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ कि 31 मार्च को भी ट्रेजरी बंद रही।
इतना ही नहीं इस सरकार ने डेढ़ साल में एक भी भर्ती सरकारी नौकरी में अधीनस्थ चयन आयोग के माध्यम से नहीं की। चुनावों से पहले इस सरकार ने बेरोजगारों को कई सब्जबाग दिखाए थे।
