कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक आज जिला परिषद अध्यक्षा बिमला देवी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समस्त जिला परिषद सदस्य एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यतः सड़क, पेयजल, विद्युत तथा परिवहन से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिषद सदस्य शैलजा शर्मा ने गांव कलर के पास पुराने मार्ग से लोकल रूट की बसों को पुनः बहाल करने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जितनी भी लोकल रूट की बसें फोरलेन से होकर गुजरती हैं, उन्हें पहले की भांति गांव कल्लर में पुराने सड़क मार्ग से ले जाया जाए ताकि बीमार, बुजुर्ग और सामान के साथ आने.जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके।
इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक को शीघ्र ही विशेष व्यवस्था कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सदस्या सत्या देवी ने गांव कलर क्षेत्र के अंतर्गत पुराने नेशनल हाईवे से तुन्नू टनल तक निमित्त सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-4 में शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि यह सड़क कच्ची है, जो बरसात के समय अत्यधिक खराब हो जाती है।
इस सड़क के निर्माण से न केवल तुन्नू गांव को बल्कि कल्लर, कचोली, मैहथी, जामली तथा सोलन जिला की सीमावर्ती ग्राम पंचायतों को भी फोरलेन तक संपर्क का लाभ मिलेगा।
अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सत्या देवी ने पिछली बैठक में उठाए गए शहीद ज्ञान सिंह मार्ग लागघाट से गांव खुई नाली, पलौन, कचैली तक के निर्माण की नवीनतम स्थिति के बारे में जानकारी मांगी।
अधिशाषी अभियंता ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण हेतु औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं तथा ज्वाइंट निरीक्षण का कार्य शेष है। निरीक्षण के उपरांत केस को स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए विभाग को सरकार से 25 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष मानसिंह ने मंडल मंडी से टोल प्लाजा में निर्धारित शुल्क की वर्तमान दरों की जानकारी ली। साथ ही, फोरलेन मार्ग में निर्मित टनलों में तीन फुट चैड़े फुटपाथ की उपलब्धता के बारे में भी प्रश्न उठाया।
विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि फिलहाल सरकार द्वारा केवल दो लेन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है और टनलों में केवल कर ड्रेन का प्रावधान हैए जिन्हें फुटपाथ की श्रेणी में नहीं रखा गया है। ड्रेन पर रेलिंग बनाने का भी कोई प्रावधान नहीं है।
मानसिंह ने बाग चल गांव स्थापना के पास ओवरब्रिज निर्माण तथा संपर्क सड़क स्वाहण से कटीरड पगवाना तक सड़क निर्माण के संबंध में भी जानकारी मांगी।
इस पर विभाग ने बताया कि ओवरब्रिज के निर्माण के लिए आकलन का कार्य प्रगति पर है तथा संपर्क सड़क की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव नाबार्ड को भेजा गया है। बैठक में सदस्य प्रमिला ने झंडूता क्षेत्र में रेन शेल्टरों की मरम्मत का मुद्दा उठाया।
वहीं सदस्य प्रेम सिंह ठाकुर ने सिकरोहा, छकोह, मलोखर, सोलधा, बाडनू, दिगथली, सुई सुरहाड,ए रानीकोटला, साई खारसी सहित विभिन्न पंचायतों में कम वोल्टेज की समस्या तथा रानीकोटला में ट्रक पार्किंग से जुड़ी समस्याओं को बैठक में रखा।
इन समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए।
