Spread the love

कुल्लू टूडे

शिमला/आनी

जिला कुल्लू के उपमंडलके आनी में मंगलवार सुबह शवाड़-निग़ान सड़क मार्ग पर श्केलड़ के समीप एक निजी बस चालक द्वारा बस से नियंत्रण खो जाने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जिसमें चालक सहित सवार 42 लोगों में से तीन की मौत हो गई। जबकि 39 गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें 18 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें नागरिक चिकित्सालय आनी में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।

जबकि कुछेक को खनेरी हॉस्पिटल रामपुर रेफर किया गया। साधारण रूप से जख्मी लोग आनी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

मृतकों की पहचान चालक दीनानाथ पुत्र भूतेश्वर गांव बाउरी, तहसील करसोग जिला मंडी, केशव राम पुत्र कांशी राम गांव टिप्पर डाकघर कोठी तहसील आनी जिला कुल्लू और गुलशन पुत्र सुरेश कुमार गांव कटोली डाकघर कंडूगाड़ तहसील आनी जिला कुल्लू के तौर पर हुई है।

वहीं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के शवाड़ में हुई बस दुर्घटना में तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। दुर्घटनाग्रस्त बस करसोग से आनी जा रही थी, जिसमें 42 यात्री सवार थे।

इस दुर्घटना में घायल 18 लोग आईजीएमसी शिमला और रामपुर अस्पताल में उपचाराधीन हैं और अन्य घायलों का ईलाज निकटवर्ती स्वास्थ्य संस्थानों में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और जिला प्रशासन को उन्हें बेहतर उपचार सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावितों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

error: Content is protected !!