कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
जिला बिलासपुर में चुनाव आयोग के निर्देशों पर लोक सभा चुनाव-2024 में पेड न्यूज पर नजर रखने के लिए जिला स्तर पर मीडिया सर्टिफिकेशन व मानिटरिग कमेटी (एमसीएमसी) का गठन किया गया है।
यह कमेटी आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होते ही अपना कार्य शुरु कर देगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने दी।
उन्होंने बताया कि एमसीएमसी की ओर से सभी समाचार पत्र, रेडियो, टीवी, ई-पेपर, सिनेमा हाल, बल्क मैसेज व सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाएगी।
यदि कोई उम्मीदवार पेड न्यूज किसी भी मीडिया में लगवाता या प्रकाशित करता है, तो रिटर्निंग अधिकारी की ओर से संबंधित उम्मीदवार को नोटिस भेजा जाएगा।
जिसका उम्मीदवार को निर्धारित अवधि के भीतर जवाब देना अनिवार्य है। संबंधित उम्मीदवार के जवाब के बाद जिला स्तरीय एमसीएमसी अपना अंतिम निर्णय लेगी।
पेड न्यूज घोषित की जाने पर जहां उम्मीदवार के चुनाव खर्चे में इसे शामिल किया जाएगा, वहीं चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उक्त उम्मीदवार का नाम पेड न्यूज लगवाने वाले उम्मीदवारों में शामिल कर प्रकाशित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विज्ञापन देने के लिए उम्मीदवार की ओर से जिला स्तरीय एमसीएमसी से प्री-सर्टिफिकेट प्राप्त करना अनिवार्य है।
विज्ञापन की पोस्ट अपलोड करने से पहले इसकी जिला स्तरीय कमेटी से पूर्व मंजूरी निर्धारित फार्म पर लेना जरूरी है।
उन्होंने समिति के सभी सदस्यों को आदर्श चुनाव संहिता लागू होते ही अपना कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिए।
