Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

हिमाचल प्रदेश अनूसूचित जाति जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा छेड़े गए संविधान बचाओ अभियान के तहत मोर्चा की टीम ने झंडूता खंड के प्रधान सेवानिवृत बीपीईओ अमरनाथ मोहिल्ला की अगुवाई में शाहतलाई क्षेत्र का दौरा किया तथा घर-घर जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान लोगों को संविधान की प्रस्तावना, संविधान की प्रति तथा बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर का चित्र निशुल्क भेंट किया।

इस अवसर पर सर्वसम्मति से नघ्यार, बड़गांव गल्लू, कोसरियां, घराण, झबोला का प्रभारी ईमानदार, समाज चिंतक ब्रम्हदास को बनाया गया। जबकि युवा विंग की जिम्मेवारी राकेश कुमार को सौंपी गई।

प्रैस को जारी संयुक्त बयान में अमरनाथ मोहिल्ला, ब्रम्हदास और राकेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर संविधान को धीरे-धीरे सुविधानुसार बदला जा रहा है तथा दलित विरोधी संशोधन किए जा रहे हैं।

जबकि अभी हाल में में सूत्रों से यह भी पता चला है कि संविधान के मौलिक ढांचे को भी बदलने की कवायद है। जो कि भविष्य के लिए कोई अच्छे संकेत नहीं है।

उन्होंने कहा कि देश की व्यवस्था को चलाने के लिए भारत रतन बाबा साहेब डा.भीम राव अंबेडकर द्वारा संविधान की संरचना कर समाज के हर वर्ग को अधिमान देते हुए उनके मौलिक अधिकारों की रक्षा एवं सुरक्षा की है।

किंतु कुछ स्वार्थी एवं तानाशाही से प्रेरित तत्वों को यह हजम नहीं हो रहा है, लिहाजा वे दिन रात संविधान को ही बदलने की फिराक में है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि संविधान की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए आगे आया जाए तथा लोगों को जागरूक किया जाए कि किस प्रकार उन्हें गुमराह कर संविधान से छेड़छाड़ की जा रही है।

अगर इस प्रकार के कुत्सित इरादे कामयाब होते हैं तो निश्चित तौर पर एससी,एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकार प्रभावित होंगे।

वहीं मोर्चा के जिला प्रधान सेवानिवृत डीएसपी सीता राम कौंडल तथा महासचिव नंद लाल आचार्य ने बताया कि मोर्चा की संविधान बचाओ मुहिम जिले के प्रत्येक खंड में काम कर रही है तथा अब पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन कर जागरूकता अभियान को और तेज किया जा रहा है। उन्होंने समाज के पढ़े लिखे तबके से आगे आने की अपील की है।

इस अवसर पर झंडूता खंड के प्रधान अमरनाथ मोहिल्ला, कैप्टन ओम प्रकाश, वरिष्ठ उपप्रधान डीएस धूलिया, प्रदेश संयुक्त सचिव कर्म सिंह, जिला महासचिव नंद लाल आचार्य आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!