कुल्लू टूडे
कुल्लू
नगर परिषद कुल्लू की ओर से अमरूत योजना के अंतर्गत आज देवसदन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें शिक्षा, भाषा कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने इस अवसर पर नगर परिषद कुल्लू द्वारा 1 करोड़ 85 लाख रूपए की लगात से निर्मित 3 पार्कों तथा एक अर्बन होमलैस के लिए शैल्टर होम का देवसदन कुल्लू से लोकार्पण किया। ये सुंदर पार्क नगर परिषद कुल्लू के अंतर्गत एसपी आफिस के सामने, ढालपुर में रथ मैदान के पास तथा सरवरी में बनाए गए हैं।
इसके साथ शहरी होमलैस लोगों के लिए एक शैल्टर होम का निर्माण भी अखाड़ा बाजार में किया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है तथा हम सब को समाज तथा क्षेत्र के विकास के लिए बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद के अध्यक्ष की सबको साथ लेकर चलने तथा पूर्व पार्षदों को सम्मानित करने करने की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पिछले लगाभग पौने दो साल से विकास, सामाजिक गतिविधियां , यहां तक कि लोगों का आपस में मिलना-जुलना भी मुश्किल हो गया था।
उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के 30 नवम्बर तक शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी से मिलजुल कर कार्य करने का आह्वान किया ताकि कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के लक्ष्य में भी हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बन सके।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि लाल चंद प्रार्थी कला केन्द्र को सुंदर, आकर्षक तथा आधुनिक बनाया जाएगा तथा कला केन्द्र में स्मारक स्वरूप लाल चंद प्रार्थी की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। कुल्लू जिला का केन्द्र व दिल है तथा इसे स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में सभी का प्रयास होना चाहिए। इसके अतिरिक्त ढालपुर के मैदान का भी सौदर्यकरण तथा इसे विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ढालपुर मैदान की ऐतिहासिकता को बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि ढालपुर मैदान के आस-पास निर्माण कार्य न हों। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिला के अन्य स्थानों पर खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अंतर्गत जो पार्किंग के निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें गति प्रदान की जाए ताकि लोगों को वाहन पार्किंग की सुविधा मिल सके।
नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति में गुणात्मक शिक्षा पर बल दिया गया है। शिक्षा नीति बच्चों में स्कूलों में खुशी का वातावरण तैयार होगा। उनको किसी प्रकार के मानसिक तनाव से बाहर निकालने पर आधारित है। नई शिक्षा नीति में शिक्षकों की भूमिका बहुत अधिक और सम्माननीय होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति की भावना को समझना प्रत्येक हितधारक के लिए जरूरी है ताकि जल्द से जल्द इसे व्यवहार्य बनाया जा सके। नीति 21वीं सदी के युवा का कौशल उन्ययन सुनिश्चित करेगी जिससे वह रोजगारोन्मुख बन सके।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए आज अपनी ओर से एक ऐंबूलैंस गाड़ी भी दानस्वरूप भेंट की। इससे अस्पताल में गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों तथा विशेषकर कोरानेा मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक ले जाने की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
इस दौरान नगर परिषद कुल्लू की ओर से नगर परिषद के तहत शहरी क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों को प्रदान की जा रही विभिन्न प्रकार की सुविधाआ, वित्तीय सहायता तथा प्रशिक्षण को लेकर प्रोजैक्टर के माध्यम से प्रेजेंटेशन भी दी गई।
शिक्षा मंत्री ने नगर परिषद के तहत नवनिर्मित पार्कों तथा शैल्टर होम का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर नगर परिष्द कुल्लू की उपाध्यक्ष आशा महंत, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद कुल्लू बी आर नेगी, पार्षद चंद्र प्रेमी, राज कुमार, शालिनी राॅय भारद्वाज, कनिश्ठ अभियंता नगर परिषद कुल्लू राहुल ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

