Spread the love

कुल्लू टुडे

केलंग

अटल टनल रोहतांग के खुल जाने से जहां लाहौल घाटी पर्यटन के लिए पूरे वर्ष शेष विश्व से जुड़ गई है, वहीं पर साहसिक पर्यटन व शरद कालीन खेलों के लिए भी विश्वस्तरीय सुविधाएँ विकसित करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। यह जानकारी तकनीकी शिक्षा, जनजातीय विकास और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ रामलाल मारकंडा ने माउंटेनियरिंग संस्थान मनाली तथा रोपवे शिमला के अधिकारियों से की बैठक करते हुए दी।

उन्होंने कहा कि अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन के अवसर पर आआदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उसके पश्चात केंद्रीय भूतल परिवहन मन्त्री नितिन गडकरी से भी यहां रोपवे स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्की ढलानों को स्थापित करने के विषय में चर्चा की गई थी।

डॉ मारकंडा ने बताया कि आज माउंटेनियरिंग संस्थान मनाली तथा रोपवे शिमला के अधिकारियों व विशेषज्ञों की एक टीम ने माउंटेनियरिंग संस्थान मनाली के जॉइंट डायरेक्टर सुरेंद्र कुमार की आगुवाई में टीलिंग की ढलानों पर एक जॉइंट इंस्पेक्शन करके यहां पर (स्की लिफ्ट) रोपवे बनाने की संभावनाओं का जायज़ा लिया।

उन्होंने कहा कि रोपवे बनाने के लिए पर्यटन विभाग के अंतर्गत माउंटेनियरिंग संस्थान मनाली को कंसल्टेंसी एजेंसी के रूप में इसका अध्ययन करने के लिए तैनात किया गया है।

डॉ मारकंडा ने जानकारी दी कि इस महत्वकांक्षी परियोजना के अंतर्गत स्की लिफ़्ट बनाने तथा सलोप विकसित करने पर 18.5करोड़ ख़र्च किये जायेंगे।

इसके अलावा इस टीम ने वाटर स्पोर्ट्स तथा रिवर राफ्टिंग के स्थानों को विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इन स्थानों को विभिन्न प्रकार जलक्रीड़ा के लिए विकसित किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त नीरज कुमार, एसडीएम प्रिया नागटा, रोपवे शिमला के सीजीएम व जीएम भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!